RBI ने अब ‘फास्ट चेक क्लियरेंस सिस्टम’ लागू करने का निर्णय लिया
बैंकों को चेक कन्फर्म करने के लिए केवल 3 घंटे का समय दिया जाएगा।
भारतीय बैंकिंग सिस्टम में 4 अक्टूबर 2025 से एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो गया है। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने अब ‘फास्ट चेक क्लियरेंस सिस्टम’ लागू करने का निर्णय लिया है। इस नई व्यवस्था के बाद चेक से होने वाले लेनदेन अब पहले से कहीं ज़्यादा तेज़ी से पूरे होंगे। अब चेक जमा करने के बाद 2 से 3 दिन इंतज़ार करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी — उसी दिन पैसे खाते में जमा हो जाएंगे।
इस नई प्रणाली के तहत Continuous Cheque Clearing Mode सिस्टम शुरू किया गया है। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जमा किए गए चेक तुरंत स्कैन किए जाएंगे और उनका डेटा क्लियरिंग हाउस को भेजा जाएगा। पहले चरण में, 4 अक्टूबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक बैंकों को चेक की पुष्टि करने के लिए शाम 7 बजे तक का समय मिलेगा।
दूसरे चरण में, जो 3 जनवरी 2026 से शुरू होगा, बैंकों को चेक कन्फर्म करने के लिए केवल 3 घंटे का समय दिया जाएगा। यानी सुबह 10 बजे जमा किया गया चेक दोपहर 2 बजे तक क्लीयर करना होगा। इससे चेक क्लीयरेंस प्रक्रिया और भी तेज़ हो जाएगी। खास बात यह है कि यदि बैंक ने समय पर जवाब नहीं दिया, तो वह चेक अपने आप (Automatically) क्लीयर मान लिया जाएगा।
शुरुआत में यह नियम दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे बड़े शहरों के क्लियरिंग ग्रिड पर लागू होगा, और बाद में पूरे देश में विस्तार किया जाएगा। इस बदलाव से ग्राहक और कारोबारी दोनों को फायदा होगा। ग्राहकों को जल्दी पैसे मिलेंगे और लेनदेन में अनिश्चितता घटेगी।
व्यापारी अपने कैश फ्लो को बेहतर तरीके से प्रबंधित कर सकेंगे। इससे पूरी बैंकिंग प्रणाली में कार्यकुशलता और विश्वसनीयता बढ़ेगी। इसके साथ ही, RBI ने बड़े रकम के चेक के लिए Positive Pay System अनिवार्य किया है, जिसके तहत ग्राहक को चेक के महत्वपूर्ण विवरण पहले से बैंक को बताने होंगे। इससे धोखाधड़ी की संभावना घटेगी और गलत चेक अपने आप क्लीयर नहीं होंगे।
















Discussion about this post